झारखंड कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से, सांसद गीता कोड़ा बीजेपी में हुई शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री मधु कोड़ा की पत्‍नी व पश्चिम सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने पार्टी से इस्‍तीफा देकर अब भाजपा से जुड़ चुकी हैं।

झारखंड कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से, सांसद गीता कोड़ा बीजेपी में हुई शामिल

रांची


लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री मधु कोड़ा की पत्‍नी व पश्चिम सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने पार्टी से इस्‍तीफा देकर अब भाजपा से जुड़ चुकी हैं। गीता कोड़ा झारखंड प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष भी थी।  झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्‍हें पार्टी में सदस्यता दिलायी। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि उनके पति और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी पहले भाजपा में रह चुके हैं। मधु कोड़ा साल 2000 में भाजपा के ही टिकट पर जगन्नाथपुर से विधायक बने थे। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ दोनों के बड़े अच्छे संबंध हैं।


पति के राजनीतिक विरासत को संभाला


वर्ष 2009 में गीता कोड़ा के पति यानि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाने के बाद राजनीति में पदार्पण किया। 2009 से 2019 तक वो दो बार जगन्नाथपुर विधानसभा सीट से विधायक बनी। 2018 में वो कांग्रेस से जुड़ी और 2019 में लोकसभा पहुंची। मधु कोड़ा 2006 से 2009 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन अपने कार्यकाल में उनपर हजारों करोड़ के घोटाले से घिर गये। जिसकी वजह से उन्हें जेल जाना पड़ा और उनकी पत्नी गीता कोड़ा ने राजनीतिक विरासत को संभाले रखा।


कांग्रेस से नाराजगी


लगभग एक वर्ष से गीता कोड़ा के बीजेपी में जाने की चर्चा होती रही। बीजेपी में शामिल होने के बाद श्रीमति कोड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को गर्त में डाल दिया। दरअसल कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की चिंता करती है, जनता के हित की परवाह नहीं करती। वही इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गीता कोड़ा देश के प्रधानमंत्री के काम से प्रभावित हैं। गीता कोड़ा के आने से सिर्फ कोल्हान ही नहीं, बल्कि पूरे झारखँड में इसका असर पड़ेगा। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी दो सीटों पर चुनाव जीतने से चूक गई थी, इस बार बीजेपी झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटें जीतकर प्रधानमंत्री के झोली में डालेंगे।